हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कुचेसर रोड चौपला पर स्थित फाटक संख्या 62 सी पर शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे से मरम्मत कार्य शुरु हो गया जो चार जून की रात 8:00 बजे तक चलेगा। इस दौरान फाटक से लोगों का आवागमन बंद रहेगा। अधिकारियों ने आने-जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है।
हापुड़ मुरादाबाद रेलवे लाइन पर कुचेसर रोड सिंभावली सेक्शन के बीच कुचेसर रोड चौपला स्थित फाटक संख्या 62 सी पर रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की सुबह से मरम्मत कार्य शुरु हुआ। तीन दिन तक चलने वाले इस मरम्मत कार्य के चलते रेलवे फाटक लोगों के लिए बंद रहेगा। वैकल्पिक मार्ग शकरपुर स्थित रेलवे फाटक 61 सी से लोग इस दौरान गुजर सकते हैं। रेलवे ट्रैक पर होने वाले मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
इन गांव के लोग गुजरते हैं प्रतिदिन:
इस फाटक से गांव दयानगर, मुबारकपुर, मोहम्मदपुर आजमपुर, छतनौरा, मुक्तेश्वरा सहित अन्य क्षेत्र के लोगों का प्रतिदिन आना जाना लगा रहता है जहां से रोजाना छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इस फाटक के बंद होने से ग्रामीणों को तीन किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।






























