गढ़मुक्तेश्वर: उप जिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर, खादय सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हापुड़ की टीम ने राव डेयरी दोताई मेरठ रोड गढ़मुक्तेश्वर पर छापेमारी कर जलेबी एवं पनीर का एक – एक नमूना, यादव मिष्ठान भंडार गढ़मुक्तेश्वर के प्रतिष्ठान से रंगीन रसगुल्ला एवं खोवा का एक – एक नमूना संग्रहित करने के साथ ही लगभग 80 किलो रंगीन रसगुल्ले नष्ट कराए गए। इसके पश्चात टीम ने शिवम टूरिस्ट ढाबा एनएच 24 गढ़मुक्तेश्वर से अरहर की दाल एवं हल्दी पाउडर का एक-एक नमूना, आकिल पनीर फैक्ट्री गढ़मुक्तेश्वर के प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना , रिफाइंड पामोलिन तेल का नमूना एवं दूध का नमूना संग्रहित करने के साथ ही आकिल पनीर प्रतिष्ठान के पांच रिफाइंड के टीनो को भी सीज किया गया। टीम ने गांव सुल्तानपुर हापुड़ में इस्माईल की रसगुल्ला बनाने की भट्टी से दो छेने के रसगुल्लों का नमूना, यशोदा डेरी सदरपुर गढ़मुक्तेश्वर से क्रीम एवं दूध का एक – एक नमूना, गांव रजैठी में हनीफ की रसगुल्ला बनाने की फैक्ट्री से रसगुल्ले का एक नमूना संग्रहित किया। सभी नमूनों को जांच हेतु राजकीय लैब भेजा गया है।


























