हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव करीमपुर में बन रही सड़क को लेकर किसान नेताओं ने गुणवत्ता पर कई सवाल खड़े किए हैं। किसानों का कहना है कि खराब गुणवत्ता के साथ सड़क का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ईश्वर त्यागी ने गुणवत्ता को लेकर कई सवाल उठाए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसान नेताओं का कहना है कि किसी भी सूरत में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
दरअसल मामला बुधवार का है जब भारतीय किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव नगलाबड से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहे थे। रास्ते में जैसे ही वह गांव करीमपुर मार्ग पर पहुंचे तो सड़क को दुरुस्त करने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग भी वहां आ गए और सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर विरोध करने लगे। ऐसे में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ईश्वर त्यागी ने विभाग के जेई और ठेकेदार से बात भी की जिन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण मानक अनुरूप किया जा रहा है। इस दौरान किसानों ने निर्माण रोकने की कोशिश भी की लेकिन निर्माण नहीं रुका। किसानों की मांग है कि सड़क का निर्माण गुणवत्ता के साथ किया जाए। इस मार्ग से 30 गांव के ग्रामीणों का आना जाना लगा रहता है।
























