हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के पिलखुवा धौलाना मार्ग पर स्थित कंदोला मोड़ पर एक गाड़ी अनियंत्रित होकर रजवाहे में जा गिरी। गाड़ी में चार लोग सवार थे जिन्हें राहगीरों ने रजवाहे में गिरते हुए देखा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से गाड़ी को बाहर निकाला और चारों को अस्पताल में भर्ती कराया जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव नंदपुर में मेरठ से बारात आ रही थी। जैसे ही बारात में शामिल एक गाड़ी मंगलवार की रात को कंदोला मोड़ के पास पहुंची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे रजवाहे में जा गिरी। गाड़ी में मेरठ निवासी अश्विनी, विनय, दीपक तथा अरुण सवार थे। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने गाड़ी को रजवाहे में गिरते हुए देखा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से सभी को सकुशल बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।



























