
हापुड़, सीमन, (ehapurnews.com): गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने एवं पूज्य शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के 24 जुलाई के लखनऊ कार्यक्रम की तैयारी हेतु गौभक्तों की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य गोरक्षा, गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने और सनातन धर्म के मार्गदर्शक परमपूज्य श्री शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी के पावन निर्देशों का अनुपालन करना था।
बैठक में उपस्थित सभी सज्जनों ने एक स्वर में मांग की कि गऊ माता को अविलंब ‘राष्ट्रमाता’ घोषित किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौ माता का स्थान सर्वोपरि है और उनकी रक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी का परम कर्तव्य है। इस दौरान परमपूज्य श्री शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी के निर्देशों का पूर्णतः पालन और अनुपालन करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
इसके अतिरिक्त, परमपूज्य भगवान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज के पावन सानिध्य में आगामी 24 जुलाई 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाले विशाल धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में रणनीति बनाई गई कि क्षेत्र से कितनी संख्या में गौभक्त 24 जुलाई को लखनऊ प्रस्थान करेंगे, उनके आवागमन की क्या व्यवस्था होगी और कार्यक्रम में क्षेत्र की सहभागिता को किस प्रकार ऐतिहासिक बनाया जाए। इस गंभीर मुद्दे पर सभी उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने विचार और सुझाव साझा किए।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से संजय अग्रवाल, डा० राजेश कुमार यादव, प्रवीण शर्मा (पत्रकार), निशांत शर्मा, विशाल कौशिक, विक्की शर्मा, भरतलाल शर्मा और पुनीत शर्मा सहित अनेक गणमान्य गौभक्त व धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।


























