हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के सिंभावली ब्लॉक के अफसरों की नींद आखिरकार टूट गई जहां सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों ने 55 वर्षों बाद ब्लाक के गांव मुजफ्फरा बागड़पुर के तालाब की साफ सफाई का कार्य शुरू किया. गांव के 19 बीघे में फैले तालाब में गंदगी अटी पड़ी थी. शिकायतों के बाद भी तालाब की सफाई नहीं हो रही थी. बताया जा रहा है कि सीएम के दौरे को देखते हुए अधिकारी एक्शन मोड में आ गए और मंगलवार को जेसीबी मशीन की टीम के साथ तालाब की सफाई करने पहुंचे. तालाब में गंदगी की वजह से बारिश के दौरान तालाब का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों और सड़कों पर भर जाता था. ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत की लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया. जिंदगी की वजह से यह तालाब बीमारियों का अड्डा बन गया था. ऐसे में तालाब की साफ-सफाई 55 वर्ष बाद शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है.


























