
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की देर शाम सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने दो वाहनों को टक्कर मार दी। सड़क हादसा इतना भयानक था कि इन दोनों वाहनों पर सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कार चालक की तलाश कर रही है।
हापुड़ से पिलखुवा जाने वाले मार्ग पर सोमवार की देर शाम सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास रेलवे लाइन के निकट तेज रफ्तार काले रंग की एक स्कॉर्पियो कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार उमेद पाल पुत्र राजन पाल निवासी हसनपुर थाना धौलाना और उसके साथ बैठा सचिन पुत्र उमेद पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार 23 वर्षीय आलिम पुत्र होशियार निवासी देहरा थाना धौलाना को भी गंभीर चोटें आई।स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सरस्वती अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान आलिम ने दम तोड़ दिया। वहीं सचिन व उमेद पाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
































