
पिलखुवा: दो बसों की भिड़ंत की चपेट में आए बाइक सवार
हापुड़, सीमन/ रियाज़ अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर स्थित गणपति यार्ड के पास सोमवार की देर शाम दो बसों की भिड़ंत हो गई। सड़क हादसे के दौरान बराबर में चल रहे बाइक सवार दो युवक हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान यात्रा व्यवस्था अवरुद्ध हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने हालातों को संभाला और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला सोमवार की देर शाम का है जब पिलखुवा के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर गणपति यार्ड के पास दो बसों की भिड़ंत हो गई। बसों के बराबर में चल रहे बाइक सवार जिला संभल के थाना बहजोई के गांव रामकिसौली निवासी सुनील यादव और अनिल भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे से हटाया और यातायात व्यवस्था को संभाला। बाइक सवार दोनों युवक अस्पताल में भर्ती है जो गाजियाबाद से वापस मुरादाबाद की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों बसों के चालक और परिचालक घटनास्थल पर नहीं मिले। मामले की जांच जारी है।






























