हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): बाबूगढ़ के इंस्पेक्टर जब अपनी टीम के साथ एक मामले में जुड़े आरोपी को पकड़ने पहुंचे तो भीड़ ने उन्हें घेर लिया जिसके बाद फिल्मी स्टाइल में बाबूगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे ने अपना आई कार्ड दिखाया और भीड़ तुरंत पीछे हट गई जिसके बाद पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई और जांच शुरू कर दी।
दरअसल जनपद हापुड़ में एक युवक का तमंचे के साथ फोटो वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और बाबूगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे अपनी टीम के साथ आरोपी की धरपकड़ में जुट गए। इसके लिए बाबूगढ़ पुलिस जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव सरूरपुर पहुंची जहां दबिश देकर आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया लेकिन सिविल वर्दी और निजी वाहन से पहुंचे पुलिसकर्मियों को भीड़ पहचान नहीं पाई जिसके बाद लोगों ने पुलिस को घेर लिया और कार्रवाई का विरोध करने लगे।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार पांडे ने अपना परिचय दिया लेकिन लोगों ने उनका विश्वास नहीं किया। इसके बाद निरीक्षक विनोद कुमार पांडे ने अपना आईडी कार्ड निकाल कर मौके पर मौजूद लोगों को दिखाया जिसे देखते ही भीड़ पीछे हट गई। इस तरह का दृश्य अक्सर टीवी सीरियल या फिल्मों में नजर आता है। बाबूगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडे का कहना है कि आरोपी का तमंचे के साथ फोटो वायरल हुआ था जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।





























