हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी के इमलीवाड़ा इलाके में कूड़े में लगी आग के बाद हुए प्रदूषण से महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा जिन्होंने नगर पंचायत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और धरने पर बैठ गई। इस दौरान एसडीम सदर हापुड़ दिग्विजय सिंह, नगर पंचायत बाबूगढ़ के चेयरमैन जगवीर सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदूषण की वजह से स्थानीय लोगों में बेहद रोष है जिनका कहना है कि आए दिन कूड़े में आग लगने से प्रदूषण होता है जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लगातार निकलते जहरीले धुएं की वजह से लोग गले में खराश, आंखों में जलन जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। गुरुवार की रात कूड़े में लगी आग से लोगों को बेहद परेशानी हो रही है। उन्होंने कई बार नगर पंचायत का ध्यान इस ओर आकर्षित किया लेकिन किसी ने कड़ा कदम नहीं उठाया।
वहीं नगर पंचायत बाबूगढ़ के चेयरमैन जगवीर सिंह गुर्जर का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में कूड़ा डलता है लेकिन इसकी स्थाई व्यवस्था गांव छपकौली में की जा रही है जहां एमआरएफ सेंटर बनवाया जा रहा है जिसका कार्य लगभग 85% तक पूरा हो चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और कूड़ा यहां नहीं डलेगा।
आपको बता दें कि नगर पंचायत बाबूगढ़ छावनी में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के सामने वाले रास्ते पर इमलीवाड़ा में पड़े कूड़े के ढेर से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। यहां कूड़े में कभी भी आग लग जाती है जिसकी वजह से लोगों को गले में खराश, आँखों में जलन का सामना करना पड़ता है। गुरुवार की रात कूड़े के ढेर में लगी आग की वजह से स्थानीय लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर पंचायत बाबूगढ़ ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वह आंदोलन करेंगे।




























