
नौ बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला, परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जिन घरों में महीनों और सालों से सन्नाटा पसरा था, जहां मां-बाप की आंखों का पानी सूख चुका था और हर बीतता दिन किसी बुरे सपने जैसा लग रहा है, उन नौ परिवारों के जीवन में फिर से खुशियों का सवेरा हुआ है। जनपद हापुड़ की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की विशेष पुलिस टीम ने दिन रात एक कर जनपद के अलग अलग थाना क्षेत्रों से लंबे समय से गायब नौ बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला। जब इन मासूमों को उनके बेबस और रोते-बिलखते माता पिता के सुपुर्द किया गया, तो उनमें खुशी और भावुकता का सैलाब उमड़ पड़ा। बच्चों की सकुशल वापसी होने पर बच्चों के परिजन ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
अपने जिगर के टुकड़ों के अचानक गायब हो जाने से यह नौ परिवार मानसिक और शारीरिक रूप से टूट चुके थे। उनकी तलाश में वह दर दर की ठोकरे खा रहे थे। बच्चों की सुरक्षा और सलामती की चिंता में न तो माता पिता खा पा रहे थे और न ही चैन की नींद सो पा रहे थे। पल पल किसी अनहोनी का डर उन्हें सताता रहता था। हर दिन थाने-चौकियों के चक्कट काटना और टूटती उम्मीदों के साथ जीना उनकी नियति बन चुका था। ऐसे में हापुड़ पुलिस की इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई ने न केवल नौ मासूमों की जिंदगी सुरक्षित की, बल्कि नौ परिवारों के बुझते चिरागों में उम्मीद की नई लौ जला दी। अपने बच्चों के चेहरों को दोबारा देखकर परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
लापता हुए बच्चों की कहानी अलग अलग थाना क्षेत्रों में जुड़ी थी। इमें से कोई बच्चा छह महीने से लापता था तो कोई मासूम पिछले ढाई साल से गायब था। परिजनों की तहरीर पर संबंधित थानों में गुमशुगदी और अपहरण के मामले दर्ज किए गए थे। एएचटीयू पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और सूचना तंत्र के जरिए कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए इन सभी बच्चों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
टीम ने धौलाना थाना क्षेत्र से छह माह से लापता 10 वर्षीय तौफीक, ढाई साल से लापता कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के कासिम, 11 माह से पिलखुवा क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय मयंक, छह माह से पिलखुवा क्षेत्र से लापता सोनी, 11 माह से धौलाना क्षेत्र से लापता शालू, सात माह से हापुड़ देहात थाना क्षेत्र से लापता हुआ विनय, 8 माह से पिलखुवा क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय अलिफशा, 15 माह से पिलखुवा क्षेत्र से लापता पायल और 15 माह से हापुड़ कोतवाली क्षेत्र से लापता हुए शिवम मिश्रा को बरामद किया गया है।
अफसरों के निर्देश पर चला विशेष अभियान
सीओ क्राइम दीपक चतुर्वेदी बताते हैं कि मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह व वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जनपद में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में एएचटीयू थाना प्रभारी बचन सिंह और उनकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नौ बच्चों को ढूंढ निकाला। अन्य गुमशुदा बच्चों की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं और जल्द ही उन्हें भी सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया जाए।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025


















