
जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाए लापरवाही के आरोप
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला के परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डायल-112 पर सूचना दी।
परिजनों के अनुसार महिला नौ महीने की गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे दस्तोंई रोड स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर से मामले की जानकारी मांगी, लेकिन उनका आरोप है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
परिजनों का कहना है कि प्रसव के दौरान बरती गई कथित लापरवाही के कारण यह घटना हुई। वहीं अस्पताल प्रशासन ने मामले में अलग पक्ष बताया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हेमलता सिंह के अनुसार, नवजात की गर्भ में ही मौत हो गई थी।
महिला के परिजनों ने बेहतर उपचार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि महिला का अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
होलसेल दामों पर खरीदें व बनवाएं कस्टमाईज़ड टाइल्स: 8449930105, 9837824010





















