हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हुई डंपर लूट की घटना में पुलिस ने चालक पर अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है. डंपर मालिक रूपेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि डंपर चालक लगातार अपने बयान बदल रहा है जिसके चलते मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है.
बता दें कि शनिवार की रात को एक डंपर जैसे ही मेरठ रोड पर स्थित रेलवे फाटक पर पहुंचा तो कार सवार चार बदमाशों ने डंपर को लूट लिया. मेरठ के गांव सोफियावाद निवासी डंपर चालक को थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव कूड़ी कबट्टा के पास चालक को सड़क किनारे फेंक कर बदमाश फरार हो गए. डंपर चालक पुलिस के पास पहुंचा और आपबीती बताई. पुलिस ने जब चालक से सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि वह अपने बयान लगातार बदल रहा है. पुलिस ने मालिक की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया. साथ ही अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है.






























