हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के मोहल्ला तगासराय में मंगलवार को एक सिरफिरे ने युवती की गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली जिससे परिवार में कोहराम मचा है। मामले की सूचना मिलने पर हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी हापुड़ अशोक सिसोदिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हापुड़ के तगासराय की रहने वाली नीतू प्रजापति पुत्री विजयपाल सिंह प्रजापति की शादी 21 मई को होनी थी लेकिन मंगलवार को हापुड़ निवासी सोनू प्रजापति पुत्र जगत सिंह प्रजापति अचानक नीतू के घर घुस आया और नीतू को गोली मार दी। उपचार के दौरान नीतू की मौत हो गई। वहीं शोर सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी सोनू प्रजापति ने पड़ोस के मकान में छलांग लगाकर पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में खुद को बंद कर आत्महत्या कर ली। आरोपी सोनू ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचे जिसने दरवाजा तोड़कर मृतक के शव को बाहर निकाला। साथ ही दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।






















