
वृहद IT HUB की आवश्यकता का मुद्दा सांसद अरुण गोविल ने संसद में उठाया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण चंद्रप्रकाश गोविल ने संसद में नियम 377 के अंतर्गत मेरठ में वृहद IT HUB की स्थापना का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने इस विषय को क्षेत्र के युवाओं के रोजगार, उद्योग विकास और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति से जुड़ा अत्यंत आवश्यक विषय बताया।
सांसद गोविल ने अपने वक्तव्य में कहा कि ‘डिजिटल इंडिया’ के अंतर्गत 5 सितंबर 2017 को वेदव्यासपुरी, मेरठ में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) केंद्र की आधारशिला रखी गई थी, जिसका उद्घाटन 28 दिसंबर 2021 को हुआ। वर्तमान में यह IT पार्क लगभग 25,000 वर्ग फुट क्षेत्र में संचालित है, जिसमें 133 सीटों की क्षमता है और लगभग 10 आईटी कंपनियां कार्यरत हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मेरठ एवं आसपास के जनपदों के लगभग 10,000 युवा आज भी बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे दूरस्थ शहरों में IT क्षेत्र में कार्य करने के लिए पलायन करने को विवश हैं। जबकि मेरठ की भौगोलिक स्थिति, दिल्ली से निकटता तथा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसी आधुनिक कनेक्टिविटी इसे IT निवेश के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती है।
सांसद गोविल ने कहा कि वर्तमान STPI केंद्र की सीमित क्षमता के कारण स्थानीय प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं और न ही बड़े स्तर पर राष्ट्रीय एवं वैश्विक IT कंपनियों को आकर्षित किया जा पा रहा है।
इस विषय पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद द्वारा दिए गए उत्तर में मेरठ स्थित STPI केंद्र की वर्तमान स्थिति, वहां कार्यरत कंपनियों तथा उपलब्ध सुविधाओं का विवरण प्रस्तुत किया गया है। उत्तर में यह भी उल्लेख किया गया है कि STPI केंद्रों के माध्यम से IT/ITES क्षेत्र में रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
हालांकि, सांसद गोविल ने इस बात पर बल दिया कि वर्तमान व्यवस्थाएं मेरठ जैसे उभरते हुए औद्योगिक और शैक्षणिक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मेरठ-प्रयागराज एक्सप्रेसवे के समीप प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों में लगभग 250 हेक्टेयर भूमि पर एक वृहद IT HUB विकसित करने की ठोस योजना बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का IT HUB न केवल स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को IT क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने, निवेश आकर्षित करने तथा निर्यात को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सांसद अरुण गोविल ने केंद्र सरकार से इस दिशा में शीघ्र ठोस एवं दूरदर्शी नीति निर्णय लेने का आग्रह किया है, ताकि मेरठ एवं आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
RISING STAR SCHOOL: ADMISSION OPEN: Play Group to Class V: 8218536096






























