
बंदरों का आतंक: बंदर के डर से छत से गिरी महिला, गंभीर रूप से घायल
हापुड़, सीमन/ रियाज अहमद (ehapurnews.com): हापुड़। जनपद हापुड़ के कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदरों के हमलों और उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ताजा घटना में एक महिला बंदरों के डर से अपनी जान बचाने के प्रयास में छत से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बंदर घरों की छतों पर घूमते रहते हैं और लोगों पर हमला करने का प्रयास करते हैं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक दहशत में हैं। कई बार बंदरों के काटने और हमला करने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
गांव में इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365
























