
बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर निर्माणाधीन धागा फैक्ट्री से लूटे रुपए
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम झडीना में स्थित निर्माणाधीन धागा फैक्ट्री में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने फैक्ट्री के कर्मचारियों को बंधक बनाकर हजारों रुपए की नकदी लूट ली और फरार हो गए। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी गढ़ राहुल यादव, गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूछताछ शुरू की। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी सुशील जिंदल ने बताया कि उनकी झड़ीना गांव में जेएसके स्पिनटेक्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की निर्माणाधीन धागा फैक्ट्री है जहां बीती रात बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने मौके पर मौजूद स्टाफ को बंधक बना लिया और फैक्ट्री मैनेजर कपिल गिरी के बैग से 48,000 रुपए रामपाल कश्यप कर्मचारी से ₹30,000, गोकुल नाम के कर्मचारी से ₹6000 लूट लिए। बदमाशों ने कुल 84,000 लूट लिए और मौके से फरार हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद मैनेजर कपिल ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और फैक्ट्री मालिक सुशील जिंदल को मामले की जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की जांच जारी है।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179























