हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र की बझेड़ा पुलिया के पास पुलिस की दो बदमाशों से शुक्रवार की शाम को मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने विकास नाम के बदमाश को गिरफ्तार किया है जिसने 20 सितंबर को कलेक्शन एजेंट के साथ हुई लूट को अंजाम दिया था। बदमाश का एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए बदमाश के कब्जे से तमंचा, अपाचे बाइक, ढाई लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।
दरअसल थाना कपूरपुर पुलिस और एसओजी टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों से पुलिस की मुठभेड हो गई जिसमें एक बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया है जिसके कब्जे से अवैध असलहा मय खोखा/जिंदा कारतूस, अपाचे बाइक एवं 2,50,160 रुपये नकदी लूट से सम्बंधित बरामद हुई है। प्रारम्भिक पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम विकास बताया है जिसने 29 सितंबर की रात्रि को थाना कपूरपुर क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई लूट की घटना को कारित करना स्वीकार किया है।
घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया है। गिरफ्तार बदमाश पर जनपद अलीगढ़, हाथरस, गाजियाबाद व हापुड़ आदि जनपदों में लूट/चोरी/हत्या का प्रयास/गैंगस्टर एक्ट आदि से सम्बंधित करीब दो दर्जन से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।

























