हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में बुधवार की सुबह एक बहुत ही ह्रदय विदारक हादसा हुआ जिसने मानव को झकझोर कर रख दिया। इस दिन एक विवाहिता अपनी 18 दिन की नवजात बेटी को छोड़कर दुनिया से कूच कर गई। महिला की मौत जलने स हुई। पुलिस ने महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला की मौत का मामला थाना हापुड़ देहात की न्यू गांधी विहार कालोनी का है।
हापुड़ के पास के गांव अजराड़ा की 23 वर्षीया आरती का विवाह गत वर्ष 7 दिसम्बर को हापुड़ के नवीन सैनी के साथ हुआ था। नवीन सैनी बिजली विभाग में संविदा कर्मी है। नवीन अपने परिवार के साथ न्यू गांधी बिहार कालोनी में रहता है।
बुधवार की सुबह नवीन ड्यूटी पर चला गया। इसके बाद मकान के एक कमरे से धुंआ उठता देख मां बबली ने शोर मचा दिया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया परंतु महिला सदैव के लिए मौत की नींद सो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूचना पाकर आरती के मायके से उसके पिता मामचंद, मां संतोष तथा भाई राकेश भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरती की मौत के लिए उसके ससुरालियों को दोषी ठहराया है और दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। थाना देहात पुलिस ने पति नवीन सैनी सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सब्जियों पर 5% की छूट, डिलीवरी लेट होने पर 15% अतिरिक्त छूट: 8650607033




























