हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में व्यापारियों के साथ हो रही अपराधिक घटनाओं के विरोध में सात अप्रैल गुरुवार को हापुड़ शहर में बाजार बंद का आह्वान किया गया है जिसे विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने समर्थन दिया है. हापुड़ के चेंबर ऑफ कॉमर्स में मंगलवार की देर शाम विभिन्न व्यापारिक संगठनों की एक बैठक हुई जिसमें यह फैसला लिया गया कि सात अप्रैल को हापुड़ का बाजार बंद रखा जाएगा और गुरुवार को सुबह 9:00 बजे पक्काबाग चौराहे पर सभी व्यापारी एकत्र होकर पैदल मार्च निकालेंगे और अपराध के खिलाफ आवाज उठाएंगे.
बता दें कि हाल ही में पिलखुवा में व्यापारी मयंक मित्तल की मौत और उसके बाद मंगलवार की दोपहर हापुड़ की इंद्रलोक कॉलोनी में व्यापारी सुशील कुमार पर हुए जानलेवा हमले के बाद व्यापारियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है जिसके चलते उन्होंने सात अप्रैल को बाजार बंद का समर्थन करते हुए शहर में अपराधिक घटनाओं के विरोध में एक मार्च निकालने का फैसला लिया है. हापुड़ की चंडी रोड पर स्थित चेंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित बैठक में सर्राफा बाजार एसोसिएशन हापुड़ के कोषाध्यक्ष आयुष अरविंद शर्मा, सर्राफा व्यापारी अरविंद शर्मा, ललित छावनी वाले, विजेंद्र पंसारी, राजीव कुमार गर्ग, संजय नेता आदि व्यापारी उपस्थित रहे.




























