हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ की रेलवे रोड पर स्थित कॉलोनी राजेंद्र नगर में 10 फीट गहरे मेनहोल का ढक्कन टूटने से हादसा होने का खतरा लगातार मंडरा रहा है. यदि जल्द ही गटर का ढक्कन नहीं बदला गया तो यहां एक भयंकर हादसा हो सकता है. हादसा इतना खतरनाक की इसमें किसी की जान भी जा सकती है. रात के समय हादसों का खतरा और भी ज्यादा मंडराने लगता है. आस पास कोई साइन बोर्ड ना होने से विभाग की लापरवाही भी सामने आ रही है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े किए हैं.
आपको बता दें कि कॉलोनी राजेंद्र नगर में स्थित हेल्थ केयर सेंटर के सामने मौजूद गटर का ढक्कन टूटा हुआ है. करीब 10 फीट गहरे इस गटर की चपेट में आकर हाल ही में दो लोग घायल हुए थे. शाम के समय अक्सर छात्रों का यहां से आना जाना लगा रहता है लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही. यदि जल्द ही इस ढक्कन की मरम्मत नहीं की गई तो यह जानलेवा साबित हो सकता है.























