हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जिला न्यायालय के लिए नए भवन हेतु भूमि व धनराशि आवंटित करने की मांग को लेकर गत 9 दिन से आंदोलनरत वकील गुरुवार को तालाबंदी पर उतर आए और मांग के समर्थन में वकीलों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष अजित सिंह चौधरी की अगुवाई में वकील कचहरी परिसर में एकत्र हुए और अधिवक्ताओं के चैम्बर पर ताले लगाए। इसके बाद वकीलों का समूह नारेबाजी करते हुए एक जुलूस के रुप में तहसील परिसर में पहुंचा, जहां उन्होंने प्रदर्शन कर नारेबाजी की और तहसीलदार व अन्य प्रशासनिक दफ्तरों में ताले ठोक दिए।
अधिवक्ताओं ने मांग के समर्थन में तहसील चौपला पर धरना दिया और नगर में नारेबाजी के साथ पैदल मार्च किया। हापुड़ के वकील पैदल मार्च करते हुए उप जिलाधिकारी के दफ्तर पुरानी कलैक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
वकीलों ने मांग के समर्थन में एक ज्ञापन एसडीएम हापुड़ को दिया और चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल की जाएगी।























