चेक का स्टेटस देखना पड़ा भारी, खाते से निकल गए 9.33 लाख रुपए
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में स्थित मोहल्ला रामगंज की रहने वाली एक महिला के साथ साइबर ठगों ने ठगी की। महिला ने गूगल पर बैंक का स्टेटस पता करने के चक्कर में 9.33 लाख रुपए गंवा दिए। जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो वह थाने पहुंची और तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की जिसके बाद साइबर क्राइम पुलिस ने महिला की तहरीर पर दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आपको बता दें कि पुलिस में दी तहरीर में रेखा अग्रवाल ने बताया कि 16 अप्रैल 2024 को उसने गाजियाबाद के एक इंडसइंड बैंक में एक चेक जमा किया था। पीड़िता ने 20 अप्रैल को चेक के स्टेटस की जानकारी लेने के लिए गूगल पर बैंक का नंबर सर्च किया। इसी बीच गूगल पर बैंक का नंबर मिलने के बाद पीड़िता ने दिए गए नंबर पर कॉल किया। कॉल उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि चैक का स्टेटस आज पता नहीं चलेगा और साथ ही जल्द ही कॉल कर चैक का स्टेटस बताने की बात कही। इसके बाद पीड़िता के पास 22 अप्रैल को एक कॉल आया। इस दौरान कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आप को गाजियाबाद इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताया। आरोपी ने महिला को एक लिंक भेजकर बैंक की डिटेल जमा करने को कहा जिसके बाद महिला ने आरोपी द्वारा दिए गए लिंक में अपनी बैंक खाता, डेबिट कार्ड नंबर आदि डिटेल भर दी। इसके बाद महिला के खाते, उसके पुत्र व उसके सहखाते से करीब 9.33 लाख रुपए निकल गए। इसके बाद महिला ने मामले की जानकारी गाजियाबाद के बैंक में दी। फिर महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ जिसके बाद महिला थाने पहुंची और साइबर ठगों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। एएसपी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि महिला की तहरीर पर दो नामजद सद्दाम अंसारी व हुसैन और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Brainwaves International School में Admission के लिए काल करें: 8279806606

अपने पैट्स व पशुओं का कराएं डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड जांच: 8865800700






















