हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : अब उत्तर प्रदेश में भी कोरोना से जान गंवाने वालों के परिजनों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि मिलेगी। राज्य आपदा मोचक निधि से यह आर्थिक सहायता दी जाएगी। केंद्र ने आपदा मोचक निधि एसडीआरएफ गाइडलाइन में संशोधन किए हैं जिसके बाद निर्देशों को राज्य सरकारों को भेजा गया है। सचिव राजस्व व राहत आयुक्त रणवीर प्रसाद ने बताया कि निर्देशों के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर भारत सरकार ने कोरोन में जान गंवाने वालों के परिजनों को 50 हजार की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। यह राशि आपदा मोचक निधि एसडीआरएफ से दी जाएगी। प्रदेश में एसडीआरएफ में इस साल 2578 करोड रुपए का आवंटन हुआ है जिसमें 75% की हिस्सेदारी केंद्र सरकार की और 25% राज्य सरकार की होती है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना से अब तक 22,890 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतक के परिजनों को 50-50 हजार देने के लिए 114.45 करोड रुपए की जरूरत होगी। 50 हजार की सहायता देश में कोरोना का पहला केस रिपोर्ट किए जाने की तिथि से दिया जाएगा। यह राशि आगे भी जारी रहेगी।


























