हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में स्वास्थ्य विभाग ने एमजीएसएस अस्पताल में बिना अनुमति चल रहे ऑपरेशन कक्ष को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की अस्पताल के संचालक से काफी नोकझोंक भी हुई। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन थिएटर पर सील लगा दी।
आपको बता दें कि जनपद हापुड़ में नियमों को दरकिनार कर चल रहे अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार की शाम डॉक्टर पुष्पेंद्र, डॉक्टर आनंद, डॉक्टर दिनेश खत्री टीम के साथ गढ़ की स्याना रोड पर स्थित एमजीएसएस अस्पताल पहुंचे और संचालक से दस्तावेज मांगे। इस दौरान संचालक भड़क गया और अधिकारियों से कहा सुनी हो गई।
वहीं नोडल अधिकारी डॉक्टर दिनेश खत्री ने बताया कि मामले की जांच की गई और अस्पताल का निरीक्षण किया गया जहां कई कमियां मिली। इस दौरान बिना अनुमति के ऑपरेशन कक्ष भी चलता हुआ पाया गया जिसके पश्चात अधिकारियों ने ऑपरेशन थिएटर को सील कर कार्रवाई की है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस दौरान अस्पताल में मिले रजिस्टर, प्रमाण पत्रों को अपने कब्जे में ले लिया जो जांच के आधार पर रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को सौंपेंगे जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा है।





























