हापुड़,सूवि(ehapurnews.com): विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को निष्पक्ष पारदर्शी व शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने गुरुवार को जूम से रिटर्निंग अधिकारियों व चुनाव में लगे अधिकारियों के साथ बैठक कर शान्तिपूर्ण चुनाव सम्पन्न के संबंध में विचार विमर्श करते हुए विस्तृत आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि बार्डरों पर चेकिंग अभियान के तहत संबधित थानों से सामंजस्य स्थापित करते हुए वाहनों की चेकिंग अभियान के बाद ही बार्डर से प्रवेश करने दिया जाए। उन्होने कहा कि यदि कोई संदिग्ध वाहन किसी अन्य मार्ग से निकलने की सूचना प्राप्त होती है तो राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल गेट पर स्थित सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से संदिग्ध गाडियों की निगरानी कर प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होने कहा कि सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रो में भी अनवरत पेट्रोलिंग करते हुये स्थानीय लोगो से सवांद स्थापित किया जाय तथा उनकी समस्याओं का निस्तारण करते हुये मूल भूत सुविधायें भी उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने कहा कि जो भी नगदी पुलिस द्वारा जप्त की जा रही है उसे एफ एस टी भी अपनी रिपोर्ट में प्रदर्शित करें। अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वाले स्थलों को चिहिन्त कर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुये भट्टियों को नष्ट किया जाए और प्रतिदिन रिपोर्ट सामान्य प्रेक्षको को जिला आबकारी अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद हापुड़ में दिनांक 10 फरवरी 2022 को चुनाव की तिथि निर्धारित है उसके 48 घण्टा पूर्व से ही बार्डरो को सील कर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि नाके से सटे हुये पुलिस, एफ एस टी व एस एस टी टीम प्रतिदिन आपस में वार्ता कर स्थिति के बारे में जानकारी एक दूसरे से प्राप्त करे तथा आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।
पुलिस अधीक्षक ने भी कहा कि मादक पदार्थों शराब व नगदी आदि के खिलाफ बराबर अभियान चलाकर कार्रवाई करते रहे। जिलाधिकारी ने मीडिया प्रमाणन समिति के प्रभारी को निर्देश दिए कि प्रतिदिन समाचार पत्रों में छपने वाले विज्ञापन एवं पेड न्यूज पर विशेष नजर रखें। बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी गढ़मुक्तेश्वर धौलाना हापुड सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





























