हापुड़ सहित सभी जनपदों में अवैध कट बंद होंगे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): सड़क दुर्घटनाओं पर प्रदेश सरकार ने चिंता जाहिर करते हुए सूबे के राष्ट्रीय राजमार्गो पर अवैध कटों को तुरंत बंद करने व उन पर निगरानी रखने का निर्देश दिया है। प्रदेश सरकार ने सूबे के सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर अवैध कटों कोतत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही समय-समय पर राष्ट्रीय राजमार्गों पर ऐसे अवैध कट की निगरानी कराने को भी कहा गया है, ताकि दोबारा अवैध कट न बन सकें।
प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू ने सभी जिलाधिकारियों को इस बारे में पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि 20 नवंबर 2023 को विधानसभा की प्रतिनिहित विधायन समिति की बैठक में प्रदेश के स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूली वाहनों के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश मोटरयान नियमावली को संशोधित करने पर विचार-विमर्श हुआ था। समिति ने प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट होने के कारण होने वाली अत्यधिक सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता प्रकट की थी और इन्हें तत्काल बंद कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने का निर्देश दिया था।
प्रमुख सचिव ने पत्र में कहा है अवैध कट बंद कराने के बाद यह देखना भी बेहद जरूरी है कि वे बाद में फिर से न शुरू हो जाएं। ऐसे में समय- समय पर निगरानी भी की जाए। यदि कोई अवैध कट पुनः शुरू होता है तो उसको तत्काल बंद कराएं।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264



























