
हेडलाइन: हापुड़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा, दो नए मरीज मिले पॉजिटिव
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद दो और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
बदलते मौसम के बीच अस्पतालों में बुखार और अन्य लक्षणों वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, तेज बुखार या एक सप्ताह से अधिक समय तक बुखार रहने पर स्वाइन फ्लू की जांच कराई जा रही है।
जिला अस्पताल की जांच रिपोर्ट में हापुड़ के बुजुर्ग महिला और गढ़मुक्तेश्वर के एक बुजुर्ग व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों मरीज फिलहाल घर पर उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता रखने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है, ताकि संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सके। उन्होंने लोगों को लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने की सलाह दी है।
इधर, मच्छरों से होने वाली बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से एंटी लार्वा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, जिससे मच्छरों को पनपने का मौका न मिले।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010




















