हापुड़, सत्य प्रकाश सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में निकाय चुनाव पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता व सकुशल तरीके से सम्पन्न होने पर गुरुवार को हापुड़ पुलिस लाइन में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस आयोजन में परस्पर प्रेम व सौहार्द दिखाई दिया।
इस रात्रि भोज में मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सव्वरबाल तथा मेरठ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अतिथि थे। जनपद की जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश मिश्र सहित जनपद के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
इस रात्रि भोज की खास बात यह थी कि सभी के लिए बैठ कर खाने की व्यवस्था की गई। जनपद की जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा व पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बड़े ही आदर और सम्मान के साथ सभी को स्वयं भोजन परोसा और जनपद हापुड़ के दोनों शीर्ष अफसरों ने अपने अधीनस्थों तथा कर्मचारियों के पास बार-बार जाकर भोजन के लिए पूछा जिससे कर्मचारी प्रफुल्लित हो उठे।
पुलिस सौजन्य से प्राप्त रात्रि भोज की ये तस्वीरें जनपद हापुड़ के दोनों शीर्ष अफसरों की जनपद के अन्य अफसरों व कर्मचारियों के साथ ताल मेल व सौहार्दपूर्ण माहौल की कहानी स्वयं बयां कर रही है। अपर पुलिस महानिदेशक व पुलिस महानिरीक्षक को स्मृति चिन्ह भेंट कर, सामूहिक ग्रुप फोटो भी कराई गई।
VIKAS GLOBAL SCHOOL (DEFENCE ACADEMY) में प्रवेश प्रारम्भ: 8710848586


























