
हापुड़ में बनेगा पहला मॉडल थाना: कपूरपुर को मिलेगा आधुनिक पुलिस भवन, 12 करोड़ की लागत से तैयार
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत और खुशी की खबर है। अब जल्द ही थाना अपने अस्थायी भवन से निकलकर एक नए, आधुनिक और सुविधाओं से लैस भवन में शिफ्ट होने जा रहा है। इससे न सिर्फ ग्रामीणों को बेहतर पुलिस सेवाएं मिलेंगी, बल्कि पुलिसकर्मियों को भी आधुनिक कार्य वातावरण मिलेगा।
आपको बता दें कि फिलहाल थाना मध्य गंग नहर की पटरी पर अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है, लेकिन अब यह व्यवस्था बदलने वाली है। करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह नया थाना भवन अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अगले दो महीनों में इसके पूरी तरह तैयार होने की उम्मीद है। सबसे खास बात यह है कि यह नया भवन हापुड़ जिले का पहला मॉडल थाना होगा, जिसे आधुनिक सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ विकसित किया जा रहा है।
तीन मंजिला होगा अत्याधुनिक भवन
नए थाने भवन को तीन मंजिला बनाया जा रहा है।
भूतल (ग्राउंड फ्लोर): कार्यालय और आमजन की सुविधाओं के लिए।
पहली व दूसरी मंजिल: पुलिसकर्मियों के लिए बैरक और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं
इस आधुनिक ढांचे से पुलिसकर्मियों को कार्य करने में काफी सहूलियत मिलेगी और कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय सुविधा
थाने के पीछे पुलिसकर्मियों के लिए 25 परिवारों के आवासीय फ्लैट भी बनाए जा रहे हैं। इससे ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को रहने की बेहतर सुविधा मिलेगी और वे अधिक समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे। इस थाने का निर्माण कार्य कर रही संस्था मां दुर्गा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर आरबी सिंह के अनुसार, काम तेजी से अंतिम चरण में है और जल्द ही भवन को संबंधित विभाग को सौंप दिया जाएगा।
कारपेंटर के कमीशन से पाए छुटकारा, होम बॉस हार्डवेयर से खरीदें दरवाजे की कुंडी: 9568911464






























