हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : मां चंडी जी की पालकी यात्रा ने सोमवार की सुबह जैसे ही जवाहर गंज में प्रवेश किया तो मां चंडी के भक्तों ने जयकारे के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और पूरा वातावरण चंडी मैय्या के उद्घोष से गूंज उठा।
मां आद्यशक्ति श्री चंडी जी पालकी सेवा समिति हापुड़ के संस्थापक रवींद्र पोपट की अगुवाई में हजारों भक्तों मां चंडी की पालकी लेकर मां पथवारी पर पहुंचे, जहां मां पथवारी का आशीर्वाद लेकर भक्तों ने जवाहर गंज में प्रवेश किया। पालकी यात्रा के आगे दो भक्त श्रमदान करते हुए झाडू से कार सेवा करते हुए चल रहे थे। महिलाओं की एक मंडली मां चंडी का गुणगान कर रही थी और ढोल बज रहे थे।
जवाहर गंज में मां चंडी जी की पालकी के प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं का सैलाव पूजा-अर्चना के लिए उमड़ पड़ा। घरों से बाहर आकर मां चंडी भक्तों ने बड़े ही आदर और सम्मान के साथ पूजा-अर्चना की और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तों ने मां को साड़ी, फल, मिठाई, चूड़ी, बिंदी आदि भेट की और महंत रवींद्र पोपट ने आशीर्वाद दिया। महिलाओं व पुरुषों ने मां का गुणगान करते हुए विदाई दी और आगामी नवरात्रों में पुनः पधारने की विनती की।





























