
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ अब डुप्लीकेट माल यानी की ‘डी’ की मंडी बनता जा रहा है। यहां नकली माल बनाया जाता है, डुप्लीकेट किताबें छापी जाती हैं। नामी कंपनियों के नाम पर डुप्लीकेट सामान बेचकर लोगों को चूना लगाया जा रहा है। हाल ही में तीन प्रकरण ऐसे सामने आए हैं जिससे इन बातों को मजबूती मिली है कि हापुड़ अब धीरे-धीरे ‘डी’ की मंडी बनता जा रहा है जिससे राजस्व को भी चूना लग रहा है।
हिंदुस्तान इलेक्ट्रॉनिक्स से मिला डुप्लीकेट माल:
हापुड़ की गढ़ रोड पर स्थित अतरपुरा चौपला के पास हिंदुस्तान इलेक्ट्रॉनिक से हाल ही में पुलिस ने नामचीन कंपनी के जांच अधिकारी की तहरीर पर हिंदुस्तान इलेक्ट्रॉनिक्स पर छापामार कार्रवाई की जहां से डुप्लीकेट एमप्लीफायर बरामद हुए। पुलिस ने माल को कब्जे में लेकर उसे सील कर दिया और 35 वर्षीय जसप्रीत सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी शिवपुरी हापुड़ के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की। आखिर कब से यहां डुप्लीकेट इलेक्ट्रिक सामान की सप्लाई की जा रही थी? इस पर सवाल खड़ा हुआ है। राजस्थान के बांदीकुई निवासी मुकेश माल नामी कंपनी के जांच अधिकारी है जिनकी सूचना के आधार पर पुलिस ने हिंदुस्तान इलेक्ट्रॉनिक्स नाम की दुकान पर छापामार कार्रवाई कर डुप्लीकेट माल को बरामद किया था।

धौलाना में मिली थी डुप्लीकेट किताबें :
जनपद हापुड़ के धौलाना के गांव पिपलेड़ा में हाल ही में पुलिस ने नामचीन पब्लिकेशन की डुप्लीकेट किताबों को पकड़ा था। नामचीन कंपनी के जांच अधिकारी की शिकायत के बाद पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी के गांव पिपलैड़ा की फ्रेंड्स कॉलोनी में संचालित प्रिंटिंग प्रेस में छापामार कार्रवाई कर एनसीईआरटी समेत अन्य नामचीन पब्लिकेशन के नाम पर छापी जा रही डुप्लीकेट किताबों को बरामद किया था। पुलिस ने मामले में फैक्ट्री संचालक महबूब अली के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया लेकिन अभी तक महबूब अली पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। वह पुलिस गिरफ्त से फरार है। फिलहाल यह सवाल बना हुआ है कि किस-किस को इस प्रिंटिंग प्रेस से डुप्लीकेट किताबों की सप्लाई की जा रही थी। पुलिस 50 लाख रुपए की 40 हजार किताबों को बरामद कर चुकी है।
नकली जेवरात बनाने वाला सर्राफ भी दबोचा :
इसमें कोई दो राय नहीं है कि हापुड़ को लोग ‘डी’ की मंडी के नाम से भी जानते हैं। यहां एक सर्राफ को महाराष्ट्र की पुलिस ने नकली आभूषण बेचने के मामले में गिरफ्तार किया। महाराष्ट्र के सोलापुर सिटी से आई ईओडब्लयू व थाना पुलिस ने कोठी गेट स्थित सर्राफ की दुकान में छापा मार करवाई कर सराफ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सर्राफ सचिन कुमार कश्यप पर आरोप है कि उसने 14 लोगों को असली सोना बताकर नकली गहने बेच दिए जिन्हें गिरवी रखकर लोगों ने 80 लाख रुपए का लोन भी लिया था। नकली आभूषण बेचने के मामले में सर्राफ को महाराष्ट्र पुलिस गिरफ्तार कर ट्रांसिट रिमांड पर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई थी। बताया जाता है कि सर्राफ की हापुड़ में अथाह संपत्ति है। नकली जेवर बेचकर उसने जगह-जगह संपत्ति खरीदी है। वहीं आपको बता दें कि हापुड़ में इससे पहले डुप्लीकेट कपड़े बेचने के मामले भी सामने आ चुके हैं।

JMS WORLD SCHOOL : ADMISSION OPEN || 9359844808 || NH-9, HAPUR BYPASS, HAPUR


























