हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के आवास विकास वाले रेलवे पुल के पास झाड़ियों में पड़े कूड़े के ढ़ेर में आग लग गई जिससे क्षेत्र प्रदूषित हो गया। बताया जा रहा है कि लावारिस पड़ी एक बैटरी वाली स्कूटी भी आग की चपेट में आ गई। आग से भयंकर धुआं उठने लगा और क्षेत्रवासियों की आंखों में जलन तथा सांस लेने में तकलीफ होने लगी। मामले से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार फ्रीगंज रोड से आवास विकास जाने वाले पुल के बाई ओर पड़े कूड़े के ढ़ेर में अचानक आग लग गई जिसकी वजह से लोगों को काफी ज्यादा परेशानी होने लगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां अक्सर कूड़े का ढ़ेर लगा रहता है जिसकी वजह से हमेशा बदबू आती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े के ढ़ेर में आग लगना चिंता का विषय है। लगातार उठ रहा काला धुआं इलाके को प्रदूषित कर रहा है। आग लगने के कारण प्रदूषण इस कदर बढ़ा कि आसमान में काले बादल छा गए और दूर से ही इस धुएं को देखा जा सकता था।
























