
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का जनपद हापुड को मिला 20 हजार का लक्ष्य
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):हापुड की जिलाधिकारी श्रीमती प्रेरणा शर्मा के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम की अध्यक्षता में गुरुवार को एक बैठक प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा हेतु सम्पन्न हुई। बैठक में परियोजना अधिकारी यू.पी. नेडा थान सिंह द्वारा मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत निजी आवासों में सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना के तहत प्रदेश के कुल लक्ष्य 25 लाख घर के सापेक्ष जनपद हापुड़ को 20 हजार का लक्ष्य प्राप्त है।
मुख्य विकास अधिकारी ने परियोजना अधिकारी यू.पी. नेडा को इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी स्थानीय निकाय तथा खंड विकास अधिकारी से ब्लाक स्तर पर इस योजना के अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया है कि पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत जनपद हापुड़ में इस योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में उपस्थित वेंडर को निर्देशित किया कि जनपद में अधिक से अधिक सोलर पावर प्लांट लगाना सुनिश्चित करें जिससे माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लोगों को लाभ प्राप्त हो सके बैठक में परियोजना अधिकारी यू.पी. नेडा सहित 07 कंपनियों के वेंडर उपस्थित रहे।
चर्म रोग, गुप्त रोग व एलर्जी के लिए संपर्क करें डॉ शिशिर गुप्ता: 9719123457
































