हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के गोल मार्किट में स्थित एक व्यापारिक काम्पलैक्स में एक मोबाइल शाप में आग लगने के बाद भी लोगों ने सबक नहीं लिया है औऱ समस्याएं ज्यूं की त्यूं खड़ी है। धन कमाने के लालच ने काम्पलैक्स के मार्ग को संकुचित किया और शौचालयों को भी दुकानों में परिवर्तित करके अवैध निर्माण व अतिक्रमण को बढ़ावा दिया है।
गोल मार्किट में पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक बिजनैस काम्पलैक्स है जिसके द्वार गोल मार्किट व गढ़ रोड पर ओर खुले है। बहुमंजिले इस व्यापारिक काम्पलैक्स में ऊपर, नीचे छोटी-बड़ी सैकड़ों दुकानें बनी हैं।
धन कमाने के लालच में एक दुकान में दीवारें खड़ी करके कई दुकानें बना दी गई। शौचालयों व पेशाबघरों को भी दुकानों में बदल दिया गया है। अवैध रुप से बनाई गई इन दुकानों को 15-20 हजार रुपए प्रति माह किराए पर उठाया गया हैं। पार्किंग स्थल को भी दुकानों में बदल दिया गया है।
अब खास बात यह है कि बिजनैस काम्पलैक्स में न तो अब पार्किंग स्थल है और न ही शौचालय व पेशाब घर। ग्राहक अपने वाहन गोल मार्किट में सड़क पर पार्क करते है जिस वजह से यातायात जाम रहता है। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण को इस ओर ध्यान देकर अवैध निर्माण को रोकना चाहिए।




























