
हापुड़: घेर में किराए पर चल रही वर्कशॉप में लगी भयंकर आग, लाखों का नुकसान
हापुड़, सीमन/ अशोक तोमर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के देहात क्षेत्र के गांव लालपुर सीतादेई में स्थित एक किसान के घेर में चल रही वर्कशॉप में तारों से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान करीब 25 से 30 लाख रुपए के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों और मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के पश्चात समय रहते आग पर काबू पाया।
हापुड़ देहात क्षेत्र के सीता देई के पास लालपुर में अंकिता फाइबर एंड बायोटिक नाम की कंपनी की वर्कशॉप गांव लालपुर में संचालित है। यह वर्कशॉप सीतादेई निवासी मुन्नू चौधरी पुत्र मदन सिंह के मकान के बराबर में उसके घर में किराए पर चल रही है। इस फैक्ट्री के पीछे से बिजली के तार जा रहे हैं। मुन्नू का कहना है कि उन्होंने बिजली विभाग से तारों को हटाने की मांग की थी। गुरुवार की सुबह बिजली के तारों पर अचानक एक कौवा आकर बैठ गया जिसके बाद तेज धमाका हुआ।कौवा मौके पर ही मर गया। इस दौरान निकली चिंगारी वर्कशॉप में रखे केमिकल, फाइबर शीट पर जा गिरी जिससे तेज धमाका हुआ और धीरे-धीरे चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया।
इस दौरान वर्कशॉप में रखी फाइबर शीट, केमिकल, फर्नीचर, ड्रम आदि सामान जलकर राख हो गया। फर्म के प्रोपराइटर जितेंद्र कुमार निवासी काठी खेड़ा ने बताया कि उनका करीब 25 से 30 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग की सूचना पर ततारपुर, सीता देई, काठी खेड़ा, लालपुर आदि के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मजदूरों की सहायता से समय रहते आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था। मामले में अधिकारी जांच कर रहे हैं। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Brainwaves International School: Admissions Open 2025-26 (Playgroup – Grade XI)

























