पत्रकारिता की आड़ में तस्करी की शराब का धंधा करने वाले तीन कथित पत्रकारों को हापुड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए की शराब, दो वीडियो कैमरे, माइक तथा सूमो कार बरामद की है।
लॉकडाउन के मद्देनजर रात पुलिस रेलवे रोड पर गश्त कर रही थी कि अतरपुरा चौपला पर पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया तो आरोपी कार को ले भागे। पुलिस ने पीछा कर कार को रेलवे रोड पर रोक लिया। कार में सवार दो युवकों ने एक चैनल की आईडी दिखाते हुए खुद को पत्रकार बताया। पुलिस ने कार की तलाशी ली और कार से 185 पव्बे अंग्रेजी शराब के बरामद किए। पुलिस ने कार, मोबाइल कैमरे, आईडी आदि को सीज कर दिया है। पकड़े गए कथित पत्रकार कोठी गेट का रवि तथा श्रीनगर हापुड़ का जितेंद्र राणा है। आरोपी लॉकडाउन के दौरान शराब सप्लाई करते हुए घूम रहे थे।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने कथित पत्रकार मनोज रुहेला को अंग्रेजी शराब की 12 बोतल के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी मेरठ रोड हापुड़ पर स्थित संजय विहार कॉलोनी से की गई है।
























