गाजियाबाद हत्या करने जा रहे चार कॉन्ट्रैक्ट किलर हाफिजपुर पुलिस ने दबोचे
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर पुलिस व स्वाट टीम ने चितौली रोड पर चेकिंग के दौरान कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को गिरफ्तार किया है जो कि सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देते हैं। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया जिनमें से एक घायल हो गया जिनके एक और साथी को पुलिस ने सोना पेट्रोल पंप के समीप से गिरफ्तार कर लिया। कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है जो कि गाजियाबाद निवासी अजय यादव की हत्या करने जा रहे थे। गैंग का सरगना मोंटी सागर उर्फ मनीष है जोकि एनकाउंटर के दौरान घायल हो गया।
एक घायल समेत चार बदमाशों को दबोचा:
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की देर रात हाफिजपुर पुलिस और स्वाट टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार होकर जा रहे तीन बाइक सवारों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और मुंह तोड़ जवाब दिया। एनकाउंटर के दौरान मोंटी पुत्र जोगेंद्र निवासी मोहल्ला राजीव नगर गढ़मुक्तेश्वर घायल हो गया। पुलिस ने मोंटी समेत ललित पुत्र भतनपाल निवासी गांव सबली हापुड़ तथा ओमवीर पुत्र रामलाल निवासी मोहल्ला राजीव नगर नई बस्ती गढ़मुक्तेश्वर को गिरफ्तार कर लिया जिन्होंने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अपने साथी सल्लू यादव उर्फ सुरेंद्र पुत्र गुल्लू उर्फ गुलाब सिंह निवासी गांव पूठी हसनपुर गाजियाबाद के साथ गाजियाबाद के पूठी हसनपुर निवासी अजय यादव की हत्या करने के लिए जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने सोना पेट्रोल पंप के पास से सल्लू यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी हैं सुपारी किलर:
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह सुपारी लेकर हत्या करते हैं। सुरेंद्र उर्फ सल्लू के गांव में ही रहने वाले व उसके चाचा के बेटे राजेंद्र यादव पुत्र जगमाल के यहां उनका काफी आना जाना है और दोस्ती भी है। राजेंद्र का छोटा भाई सतेंद्र है जो कि मानसिक रूप से कमजोर है जिससे गांव के ही रहने वाले अजय यादव ने पौने तीन बीघा जमीन धोखे से हड़प ली और 10 लाख रुपए प्रति बीघा के हिसाब से बैनामा करा दिया जबकि जमीन की कीमत 30 से 35 लाख प्रति बीघा है। सत्येंद्र को डेढ़ लाख रुपए खाते में दिए बाकी के चेक दिए थे जिनका भुगतान नहीं हो पाया। मामले की जानकारी जब राजेंद्र को लगी तो राजेंद्र ने दाखिल खारिज करने के लिए गाजियाबाद न्यायालय में वाद दायर किया जोकि न्यायालय में विचारधीन है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार लगभग एक महीने पहले अजय यादव ने अपने साथियों के साथ सत्येंद्र के खेत पर कब्जा कर लिया। जब राजेंद्र व उसके भांजे ने इसका विरोध किया तो अजय ने राजेंद्र और उसके भांजे को जमकर पीटा जिससे वह बुरी तरीके से घायल हो गए।
अंदर-अंदर घुट रहा था राजेंद्र:
राजेंद्र के अंदर अपने साथ हुई मारपीट और जमीन के कब्जे को लेकर अंदर ही अंदर प्रतिशोध की भावना पनप गई और राजेंद्र ने अजय से बदला लेने की ठानी और उसने अजय की हत्या करने के लिए बदमाशों को 20 लाख रुपए की सुपारी तय की। 10 लाख हत्या से पहले और 10 लाख रुपए हत्या के बाद देना तय हुआ। अजय की हत्या के लिए राजेंद्र ने सुरेंद्र और पुष्पेंद्र से संपर्क किया जिसके बाद हत्या की सुपारी दी गई।
20 लाख की सुपारी दी:
कॉन्ट्रैक्ट किलर मनीष उर्फ मोंटी अपने साथियों के साथ मिलकर अजय यादव की हत्या के लिए गाजियाबाद जा रहा था लेकिन जनपद हापुड़ के हाफिजपुर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ लिया जिनके कब्जे से पुलिस ने दो अवैध तमंचे मय दो खोखा व दो जिंदा कारतूस, एक अवैध तमंचा मय एक जिंदा व एक मिस कारतूस, चोरी की एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल, 500 रुपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए मनीष उर्फ मोंटी के ऊपर सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010






























