हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ में रामनवमी पर्व पर मंगलवार की शाम को विभिन्न क्षेत्रों से मां चंडी महारानी की शोभायात्रा निकाली गई जिसमें भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भजनों पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्री चंडी जी पालकी सेवा समिति के तत्वावधान में मंगलवार की शाम को मां चंडी महारानी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसका शुभारंभ हापुड़ की फ्रीगंज रोड पर स्थित श्री नवदुर्गा मंदिर के प्रांगण से हुआ। यह शोभायात्रा रेलवे रोड, अतरपुरा चौराहा, पक्का बाग चौपला से होते हुए श्री चंडी मंदिर पहुंची जहां यात्रा ने विश्राम किया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली इस शोभायात्रा को देखने के लिए श्रद्धालु हापुड़ समेत अन्य क्षेत्रों से नगर पहुंचे जहां मैया के दर्शन करने और प्रसाद लेने की होड़ लगी रही।
शोभायात्रा में बाबा महाकाल के दर्शन और आरती, काली मां का अखाड़ा, श्री खाटू श्याम के दर्शन व निशान यात्रा, हनुमान जी आदि की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मां आदिशक्ति श्री चंडी पालकी शोभायात्रा में कलश लेकर चल रही 151 महिलाओं ने आस्था का परिचय दिया। शोभा यात्रा का भक्तों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। लखदातार मित्र मंडल ने भी शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा में महंत रवींद्र पोपट ने सभी को आशीर्वाद दिया। इस दौरान राजू, अनुज, अखिल, महेश, विनीत, मनु, केशव, नवीन, आनंद, शुभम, हर्ष, शोभित आदि उपस्थित रहे।






























