हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ समेत नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली से बाइक चुराने वाले एक गिरोह के तीन बदमाशों को गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच और क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। गाजियाबाद पुलिस ने चोरी की 10 बाइकें बरामद की है। यह चोर डेढ़ से दो लाख रुपए की बाइक को महज 5 से दस हजार रुपए में बेचा करते थे। पुलिस चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ियों की तलाश में जुट गई है। गाजियाबाद के एडिशनल डीसीपी अपराध ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान कैला भट्टा निवासी आसिफ, सुंदर नगरी दिल्ली निवासी हारून व सलमान के रुप में हुई है।
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार हापुड़ समेत विभिन्न क्षेत्रों से यह गिरोह मौका पाकर बाइक को चुरा लेता था और बंद वाहन में नन्दग्राम ले जाता था जहां आसिफ ने एक गोदाम भी किराए पर लिया हुआ था। गोदाम पर चोरी के वाहनों को लाकर इकट्ठा कर यहां से इनके पुर्जे खोलकर दिल्ली में बेच जाता था। आर्थिक मुनाफा कमाने के लालच में आरोपी इस धंधे को अंजाम दे रहे थे। मामले में कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद पुलिस ने टेंपो चालक समेत तीन को गिरफ्तार किया है।
























