हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जिला आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण (DDMA ) हापुड़ के अध्यक्ष व जिलाधिकारी अनुज सिंह की कारगर रणनीति व कुशल प्रबन्धन के कारण लॉक डाउन खुलने के बावजूद कोरोना के संक्रमण का ग्राफ तेजी से नीचे गिर रहा है। गुरुवार को कोरोना का संक्रमण दर आधा प्रतिशत से भी घटकर .34 प्रतिशत पर आ गया।गुरुवार को जनपद में कुल 8 पॉजिटिव केस मिले। अगल- बगल के सभी जनपदों में कोरोना के अधिक पेशेंट के कारण अभी भी लॉक डाउन है। आशंका जताई जा रही थी कि हापुड़ के अनलॉक करने पर फिर से कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ न जाये,लेकिन अनलॉक करने के बावजूद तीन दिन के रुझान संकेत देते हैं कि सब कुछ सही दिशा में चल रहा है । डीडीएमए की ओर से पूरे जनपद पर निगरानी रखी जा रही है। निगरानी समितियों से प्रतिदिन संवाद कर कोरोना की चेन को तोड़ने की सार्थक कोशिश की जा रही है। इस कोशिश का नतीजा है कि पहले जहां दो हजार से अधिक एक्टिव केस हो गए थे अब वहीं 300 से कम एक्टिव केस हो गए हैं। हॉट स्पॉट भी जहां 600 से अधिक थे अब घटकर 236 रह गए हैं।
डीएम की कोशिश है कि किसी भी स्तर पर कोई चूक न होने पाए। उन्होंने कोरोना को मात देने में जनता के सहयोग की तारीफ की है और अपील की है कि लोग जनपद को कोरोना मुक्त करने में प्रतिबद्धता के साथ योगदान दें और कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह खुद पालन करें, अन्य लोगों को भी प्रोत्साहित करें।
जनपद हापुड़ में तैनाती के बाद तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए डीएम ने पूरी कमान अपने हाथ मे ले ली थी। कोविड कंट्रोल से जुड़े सभी को सक्रिय किया। अब कोरोना मुक्त होने की दिशा में जनपद तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे पहले कोरोना का संक्रमण दर लगभग 37 प्रतिशत से घटकर .91प्रतिशत और फिर .61 प्रतिशत तक आ गया। कोविड 19 के जोखिम को तोड़ने के लिए टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट, सनेटाइजेशन की मजबूत व्यवस्था की। रैपिड रेस्पॉन्स टीम को घर घर तक पहुंचा कर ट्रेसिंग व टेस्टिंग कराई। संक्रमितों की अस्पताल में इलाज से लेकर होम आईसोलेशन तक मे मेडिकल किट दिलवाने तक पर कंट्रोल रूम से पूरी नजर रखी। टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट व सेनेटाइजेसन की रणनीति काफी कारगर रही।
लॉक डाउन से संक्रमण तोड़ने में मदद मिली। अनलॉक में भी इसी रणनीति पर डीडीएमए आगे बढ़ रहा है। अनुज सिंह की कोशिश है कि जनपद के सभी क्षेत्रों में चाहे ग्रामीण हो या शहरी कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन हो। जनता को इस महामारी में कोई दिक्कत न हो। सभी जरूरतमंद को इलाज, मेडिसिन मिले। अनुज सिंह का जोर केवल संक्रमण तोड़ने पर ही नही है, आगे भी इस महामारी से लोगों खासकर बच्चों व किशोरों को कैसे बचाया जाए इस पर है। पोस्ट कोविड में भी लोगों को परेशानी न हो, हो तो उसे दूर किया जा सके। तीसरी लहर आये भी तो उसका सामना करने व उसके प्रभाव को कम से कम करने के लिए जनपद पूरी तरह से तैयार रहे।





























