
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): लायंस क्लब हापुड़ स्टार द्वारा हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया जिसमें गीतिका अग्रवाल तीज क्वीन बनी। लायंस क्लब हापुड़ स्टार के सौजन्य से हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन रॉयल पैलेस, रेलवे रोड, हापुड़ में उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सभी लायन भाभियों का पारंपरिक रूप से गजरा और तिलक लगाकर स्वागत कर के की गई, जिसका सौजन्य शैपी बंसल, नीलू मल्होत्रा, राधिका गुप्ता एवं अंजू गर्ग ने निभाया।
इसके उपरांत क्लब में दो नई सदस्यों दिव्या जैन, ज्योति गर्ग का पटका पहन के तथा माला डालकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन शैपी बंसल एवं राधिका गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों और महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन कर माहौल को आनंदमय बना दिया। इसके बाद सभी महिलाओं ने अपनी खूबसूरत मेंहदी डिजाइनों का प्रदर्शन किया। क्लब की महिलाओं ने पारंपरिक और आधुनिक नृत्य प्रस्तुतियों से मंच को जीवंत कर दिया, जिनकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा तीज क्वीन प्रतियोगिता, जिसमें गीतिका अग्रवाल को तीज क्वीन चुना गया। उन्हें तीज क्वीन का पटका पहनाकर और क्राउन से सम्मानित किया गया। साथ ही, सभी महिला सदस्यों को तीज उत्सव की स्मृति स्वरूप आकर्षक उपहार भी भेंट किए गए।
इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब की सभी महिला सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। यह उत्सव नारी शक्ति, संस्कृति और परंपरा का सुंदर संगम बनकर सबके दिलों में बस गया।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601



























