
हापुड़, सीमन / संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात पुलिस ने क्षेत्र के हापुड़ बाईपास पर बुलंदशहर हापुड़ रोड के आसपास बस को रोकने के लिए दबंगों द्वारा की गई फायरिंग व परिचालक के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरिफ तथा शाहरुख निवासीगण देहपा पिलखुवा, ताहिर निवासी स्याना बुलंदशहर, अनवर निवासी राधना किठौर मेरठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ज़ैद पुत्र लईक निवासी राधना किठौर मेरठ ने देहात पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह साहिल बस सर्विस की बस पर परिचालक का कार्य करता है। सोमवार को वह बस लेकर जैसे ही हापुड़ देहात क्षेत्र की हापुड़ बाईपास पर बुलंदशहर हापुड़ रोड के आसपास पहुंचा तो बस को रोकने के लिए आरोपी पीछे से सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार होकर आए जिन्होंने गोली चला दी। इसी बीच एक अन्य बस ओवरटेक करते हुए आगे निकल गई जिसने पीड़ित की बस के आगे बस लगाकर उसे रोक दिया। स्कॉर्पियो से निकले दबंग हाथ में लाठी डंडे, तमंचा लेकर बस में चढ़ गए और इस रूट पर बस न चलाने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने तमंचे से फायर भी किया। इस दौरान पीड़ित बाल-बाल बच गया। आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट भी की और पर्स में रखे सवारी के किराए के 5800 भी लूट लिए। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान, देहात थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।




















