हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात पुलिस व जनपदीय साइबर सैल ने साइबर ठगों के एक गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरोह की सरगना अभी फरार है जो कि बदायूं की रहने वाली है। इन पर अनपढ़ और गरीब लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास व सरकारी योजनाओं से आर्थिक मदद दिलाने के नाम पर धोखाधडी करने का आरोप है। गिरोह के चार सदस्यों को किया गिरफ्तार जिनके कब्जे से आठ आधार कार्ड, नौ हजार रूपये नगद व एक इको कार बरामद हुई है। आरोपी अभी तक डेढ़ करोड रुपए की ठगी कर चुके हैं जिन्हें पुलिस ने गढ़ रोड पर मंडी के पास से गिरफ्तार किया है।
पिछले कुछ समय से पुलिस को लगातार ठगी की शिकायते मिल रही थी। पुलिस ने जब प्रकरण की जांच शुरु की तो चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जिनके कब्जे से पुलिस ने आठ आधार कार्ड, नौ हजार रुपए नगद और कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गिरोह की सरगना रुखसार है जो कि बदांयू की रहने वाली है।
साथ ही आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वह अनपढ़ और गरीब लोगों को निशाना बनाते थे। प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास दिलाने और सरकारी योजनाओं से आर्थिक मदद दिलाने के नाम पर गुमराह करते थे और उनकी आईडी से कई बैंकों में खाते खुलवाते और बैंक खातों में फर्जी आईडी से खरीदी गई सिम उस व्यक्ति को देकर खाते में मोबाइल नंबर लिंक कराते। खाता खुलाने के बाद सिम, चैकबुक और एटीएम कार्ड को खाता धारकों से ले लेते और फिर पैसे निकाल कर ठगी को अंजाम देते। पुलिस सरगना की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित उर्फ मोंटू पुत्र भगवान सिंह निवासी गांव मलकपुर थाना हापुड़ देहात, जफर पुत्र ताहिर निवासी मौ. मुसलमान निवासी बाबूगढ़ छावनी थाना बाबूगढ़, सरताज पुत्र इरशाद निवासी मुरादपुर थाना हापुड़ देहात तथा वकील पुत्र अती उल्लाह निवासी लक्ष्मीपुर थाना बिसौली जनपद हापुड़ है।
सब्जियों पर 5% की छूट, डिलीवरी लेट होने पर 15% अतिरिक्त छूट: 8650607033






























