
खादर क्षेत्र में बाढ़ का कहर, जलभराव के बीच डीएम ने पैदल किया इलाके का दौरा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में गंगा उफान पर है। खादर क्षेत्र में पानी घुस गया है। पिछले 12 वर्षों का रिकॉर्ड टूट चुका है और जलस्तर बाढ़ के निशान को भी पार कर चुका है। रास्ता पूरी तरह प्रभावित होने की वजह रक्षाबंधन के पर्व के अवसर पर बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने भी नहीं पहुंच पाई। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जनपद हापुड़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडे बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे जहां उन्होंने खादर में महिलाओं व बहनों से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी अभिषेक पांडे लाइव जैकेट पहनकर घुटनों से ऊपर पानी के बीच उतर गए जहां उन्होंने इलाके का निरीक्षण किया। जनपद के शीर्ष अधिकारी को अपने बीच पाकर क्षेत्रवासियों में उम्मीद की किरण दिखाई दी। जिलाधिकारी ने बड़े ही बारीकी के साथ इलाके का जायजा लिया और संबंधित को राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए।
खादर का इलाका इस दौरान पूरी तरह प्रभावित है। फसलें चौपट हो चुकी है। जल भराव की वजह से बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। संपर्क मार्ग पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। लोगों की सुविधा के मद्देनजर बाढ़ नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष का टोल फ्री नंबर 1077 है।
वहीं खादर क्षेत्र में जलभराव के बीच फंसी बहनों को उपहार देने के लिए खाकी ने भी मोर्चा संभाला। जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार अपनी पुलिस के टीम के साथ नाव में उपहार व राहत सामग्री लेकर खादर इलाके में पहुंचे और महिलाओं, बच्चियों से राखी बंधवाकर उन्हें उपहार दिए। साथ ही जरूरतमंदों को राहत सामग्री भी वितरित की। इस दौरान खाकी के साथ बच्चों ने सेल्फी भी ली।
जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गंगा खादर में नया गांव इनायतपुर, गढ़वाली, बागड़पुर, भगवानपुर, आलमपुर, रामपुर नियामतपुर, शकरपुर, गढ़ खादर, गंगानगर टापू, अब्दुल्लापुर, चकलठीरा, नयावास, तीर्थ नगरी बृजघाट के पास गंगा टापू पर बसे गंगानगर में बाढ़ का कहर होने के कारण लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
कमल डोसा प्लाजा लेकर आए हैं नए अंदाज़ में वहीं पुराना स्वाद: 7017570838

























