जनपद की पांच ग्राम पंचायत टीबी मुक्त होने की राह पर
– गढ़ मुक्तेश्वर के दो और सिंभावली ब्लॉक के हैं तीन गांव
– दावे के बाद जिला स्तरीय वेलीडेशन टीम ने किया डेटा परीक्षण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़, 16 जनवरी, 2024। जिले की पांच ग्राम पंचायत टीबी मुक्त होने की राह पर हैं। इनमें दो ग्राम पंचायत गढ़मुक्तेश्वर और तीन सिंभावली ब्लॉक से हैं। पांचों ग्राम पंचायतों में वर्तमान में कोई सक्रिय क्षय रोगी नहीं है। सिंभावली ब्लॉक की एक ग्राम पंचायत में तीन और दूसरी ग्राम पंचायत में पूर्व में एक क्षय रोगी था। उपचार के बाद सभी चार रोगी क्षय रोग मुक्त हो चुके हैं। संबंधित ग्राम पंचायतों की ओर से टीबी मुक्त होने का दावा पेश करने के बाद क्षय रोग विभाग पहले ही डेटा परीक्षण कर चुका है। मंगलवार को जिला स्तरीय वेलीडेशन टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) – गढ़मुक्तेश्वर और सिंभावली ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का दौरा कर डेटा परीक्षण किया।
जिला स्तरीय टीम में आईएमए से डा. आनंद प्रकाश और जिला पंचायती राज अधिकारी के प्रतिनिधि के तौर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) गोपाल राय शामिल रहे। डेटा परीक्षण के दौरान स्वयं जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डा. राजेश सिंह और इस कार्य के लिए फैसिलिटेटर नियुक्त किए गए जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी मौजूद रहे। सबसे पहले टीबी मुक्त घोषित किए जाने के लिए दावा करने वाली ग्राम पंचायतों में गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक से लोधीपुर और कल्याणपुर एवं सिंभावली ब्लॉक से नवादा कला, अट्टा धनावली और असरा ग्राम पंचायत शामिल हैं। इनमें से किसी भी ग्राम पंचायत में कोई सक्रिय क्षय रोगी नहीं है। नवादा कला में पूर्व में तीन और अट्टा धनावली में एक क्षय रोगी था, सभी चारों रोगी उपचार के बाद क्षय रोग मुक्त हो चुके हैं।
डीटीओ डा. राजेश सिंह ने बताया – जिला स्तरीय वेलीडेशन टीम ने सीएचसी – गढ़ मुक्तेश्वर और ब्लॉक पीएचसी सिंभावली का दौरा कर टीबी नोटिफिकेशन और टीबी लैब रजिस्टर का परीक्षण किया। टीम ने अट्टा धनावली गांव का दौरा कर पूर्व क्षय रोगी का साक्षात्कार भी किया। टीम की रिपोर्ट को क्षय रोग विभाग की ओर से जिले को भेजा जाएगा। इसके बाद राज्य स्तरीय वेलीडेशन टीम और सेंट्रल वेलीडेशन टीम इन ग्राम पंचायतों का डेटा परीक्षण करेंगी। परीक्षण कार्य के आधार पर जिलाधिकारी की ओर से संबंधित ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत का प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। बतौर फैसिलिटेटर टीम के साथ रहे जिला पीपीएम समन्वयक सुशील चौधरी ने बताया – जिला स्तरीय वेलीडेशन टीम का डेटा परीक्षण संतोषजनक रहा। इस दौरान सीएचसी गढ़मुक्तेश्वर पर वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस) रामसेवक और गजेंद्र पाल सिंह एवं एलटी महेंद्र ने और सिंभावली ब्लॉक पीएचसी पर वरिष्ठ प्रयोगशाला पर्यवेक्षक दुर्वेश कुमार और एलटी अमरजीत ने सहयोग किया।





























