हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में सोमवार को मिशन इंद्रधनुष 4.0 शुरू हो गया. मुख्य विकास अधिकारी प्रेरणा सिंह ने फीता काटकर इस अभियान की शुरुआत की. बता दें कि अभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा जिसके तहत डोर टू डोर और जनपद के समस्त हेल्थ सेंटरों पर गर्भवती महिला और दो साल तक के बच्चों को लाभ मिलेगा.
पहला चरण सात मार्च से 14 मार्च, दूसरा चरण चार अप्रैल से और तीसरा चरण 2 मई से शुरू होगा. इस मिशन का उद्देश्य टीकाकरण से छूटे दो वर्ष तक के सभी बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करना है. मिशन इंद्रधनुष के तहत बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, रूबेला, आईपीवी, पेंटावेलेंट, रोटा, मिजल्स रूबेला, विटामिन ए, डीपीटी, पीसीवी और एमआर के टीके और बूस्टर डोज लगाई जाएगी. गर्भवती महिलाओं का भी टीकाकरण किया जाएगा जिसमें टीटी, डिप्थीरिया का टीका लगाया जाएगा. इस अभियान को कोरोना ग्रहण लग गया था. इस अभियान की शुरुआत फिर से की गई है जहां जनपद के चारों ब्लॉकों पर आशा कार्यकर्ता अभियान को गति देने में मदद करेंगी. इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया है.

























