हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के धौलाना-पिलखुवा मार्ग पर मंगलवार की दोपहर चलती कार में आग लग गई। आग के विकराल रूप से कार में सवार एक दो साल का मासूम और युवक झुलस गया। राहगीरों ने कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया। घायलों को एक निजी नर्सिग होम में भर्ती कराया गया है। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाईं। हालांकि तब तक कार पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। जानकारी के अनुसार देहरा के रहने वाले मोहसिन अपने परिवार के साथ हापुड़ की तरफ जा रहे थे।
पिलखुवा मार्ग पर ग्राम धौलाना में पाइप फैक्ट्री के समीप पहुंचे। तभी इंजन से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते इंजन से आग की लपटे निकलने लगी। किसी तरह से कार को रोका गया। कार से निकलते वक्त उसमें सवार मोहसिन का दो साल का पुत्र उजैब एवं नौशाद घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना पर तुरंत ही दमकल की एक गाड़ी को बुलाया गया था। जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया है। एक बच्चा और एक युवक आंशिक रूप से झुलस गए है जिनका उपचार निजी चिकित्सालय में चल रहा हैं। बाकी अन्य सभी सुरक्षित है।






















