हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ देहात क्षेत्र के संतोष बिहार में गुरुवार की रात एक फर्नीचर के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और वापस लौट गई। शुक्रवार की सुबह गोदाम संचालक जब मौके पर पहुंचा तो सीढ़ियों पर पड़ी लाश देख उसके रोंगटे खड़े हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर देहात पुलिस व लेबर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे जिन्होंने जांच पड़ताल शुरू कर दी। लाश पूरी तरह जली हुई थी जिसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गांव मंसूरपुर निवासी संजीव पुत्र प्रीतम सिंह का देहात क्षेत्र के संतोष बिहार में फर्नीचर गोदाम है। रात करीब 8:30 बजे संजीव घर का ताला लगाकर घर चला गया। इसी बीच रात 9:45 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोदाम में आग लग गई जिसकी सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
संजीव के भाई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह मकान की सीढ़ी पर एक लाश दिखाई दी जिसके बाद मामले की जानकारी हापुड़ देहात पुलिस को मिली जिसने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि आग इतनी भयंकर थी कि मकान की दीवारों में भी जगह-जगह से तरेड़ आ गई। वहीं लेबर इंस्पेक्टर विजय पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। मृतक की उम्र 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है जिसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
BRIDAL MAKEUP पर 10% छूट, FREE JEWELLERY: 8218124225


























