हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक डग्गामार बस ने सड़क किनारे खड़े छोटे हाथी में जबरदस्त टक्कर मार दी. हादसा इतना भयंकर था कि एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
बता दें कि बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर चोपला पर राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर छोटा हाथी सड़क किनारे खराब हो गया जिसके बाद छोटे हाथी में लदी सब्जियों को कैंटर में शिफ्ट किया जा रहा था. वहीं पीछे से गढ़ की ओर से आ रही एक डग्गामार बस ने छोटे हाथी में जबरदस्त टक्कर मार दी. इस दौरान हाइवे पर चीख-पुकार मच गई और एक की मौके पर ही मौत हो गई. मामले की सूचना पाकर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.






























